नांदेड में दर्दनाक हादसा: कीर्तनकार मधुकर महाराज बारूलकर की हायवा ट्रक से कुचलकर मौत, शहर में शोक

नांदेड़/प्रतिनिधि
नांदेड: समाज प्रबोधन के लिए कीर्तन करने वाले प्रसिद्ध कीर्तनकार ह.भ.प. मधुकर महाराज बारूलकर की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार शाम नांदेड शहर के सिडको इलाके में एक तेज रफ्तार हायवा ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे ट्रक के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मधुकर महाराज बारूलकर कंधार तालुका के बारूल गांव के निवासी थे और मराठा सेवा संघ की संत नामदेव तुकाराम वारकरी परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर भी कार्यरत थे। वे पिछले कई वर्षों से संगठन में सक्रिय रहकर कीर्तन के माध्यम से समाज को जागरूक करते थे और अंधविश्वास के खिलाफ लोगों को प्रेरित करते थे।
मंगलवार को सिडको क्षेत्र में आयोजित वारकरी परिषद की बैठक में शामिल होने के बाद वे शाम करीब 6 बजे अपनी बाइक से अपने गांव बारूल लौट रहे थे। इसी दौरान रूबी होटल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हायवा ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि वे ट्रक के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद भीड़ का फायदा उठाकर ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जड वाहनों पर नियंत्रण की मांग तेज
इस घटना के बाद नागरिकों में भारी आक्रोश है। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद सिडको-हडको इलाके में रेत ढोने वाले ट्रकों की आवाजाही लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
