Breaking NewsJalna

जालना में ‘गोमांस’ का हंगामा निकला फुसका, तीन कंटेनरों में मिला भैंस का मांस

रिपोर्ट आने के बाद कंटेनर छोड़ने पर पुलिस की किरकिरी

जालना | कादरी हुसैन

शुक्रवार, 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे मिली जानकारी के अनुसार, जालना शहर में दो दिन पहले बड़े शोर-शराबे के साथ पकड़े गए तीन मांस से भरे कंटेनरों का मामला पूरी तरह पलट गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि जब्त किया गया मांस गोवंश का नहीं, बल्कि भैंस का था। इस खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं और कंटेनर छोड़ने की स्थिति में पुलिस को भारी किरकिरी का सामना करना पड़ रहा है।

दो दिन पहले औरंगाबाद रोड पर तड़के करीब 3 बजे चंदनझीरा पुलिस ने कुछ कथित गोरक्षकों की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन कंटेनरों को रोका था। इस मामले में चालक शंभू प्रसाद कैलासनाथ प्रजापति (पांडेपुर, उत्तर प्रदेश), सत्यप्रकाश चंद्रभान गुप्ता (वाराणसी, उत्तर प्रदेश) और वीरेंद्र हरिवंश गुप्ता (महाराजगंज, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

कार्रवाई के दौरान करीब सवा करोड़ रुपये के मांस की जब्ती का दावा किया गया था और कंटेनरों को पुलिस थाने में खड़ा किया गया। हालांकि शुरुआत से ही चालक और संबंधित कंपनी यह दावा कर रहे थे कि मांस गोवंश का नहीं है। बाद में नमूनों को औरंगाबाद की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया, जहां रिपोर्ट में यह दावा सही साबित हुआ।

रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरी कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। शहर में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि कंटेनरों को छोड़ने के लिए वरिष्ठ मंत्रियों की ओर से पुलिस पर दबाव बनाया गया।

इस कार्रवाई के दौरान जालना के वर्तमान और पूर्व विधायकों के बेटे भी चंदनझीरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर माहौल को गरमाते नजर आए थे। शुरुआत में इस मामले को बड़ी कार्रवाई बताकर प्रचारित किया गया, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद सभी पक्ष खामोश हो गए हैं।

इस बीच, दो दिन तक पुलिस थाने में खड़े कंटेनरों में रखे मांस को खराब होने से बचाने के लिए एसी कूलिंग सिस्टम लगातार चालू रखना पड़ा, जिससे करीब 36 हजार रुपये का डीजल खर्च होने का दावा किया गया है।

कुल मिलाकर ‘गोमांस’ के नाम पर खड़ा किया गया यह मामला पूरी तरह फुसका साबित हुआ है। जल्दबाजी में की गई कार्रवाई, राजनीतिक दबाव और प्रचार की होड़ अब उजागर हो चुकी है। अब सवाल उठ रहा है कि इस पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी कौन लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button