दक्षिण मुंबई में तरबूज़ खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत

मुंबई/प्रतिनिधि
दक्षिण मुंबई के जे.जे. मार्ग इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहरीला खाना खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35), बड़ी बेटी आयशा डोकाडिया (16) और छोटी बेटी ज़ैनब डोकाडिया (13) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे इस परिवार ने अपने पांच अन्य रिश्तेदारों के साथ रात का भोजन किया था। भोजन के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज़ खाया।
अगले दिन यानी 26 अप्रैल की सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टी-दस्त की गंभीर शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिवार को पहले फैमिली डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें तुरंत जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान सुबह 10:15 बजे ज़ैनब की मौत हो गई। इसके बाद नसरीन और आयशा ने दम तोड़ दिया, जबकि रात 10:30 बजे अब्दुल्ला की भी मृत्यु हो गई।
इस गंभीर घटना के बाद जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। सभी शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया है और हिस्टो-पैथोलॉजी रिपोर्ट आने तक डॉक्टरों ने अंतिम निष्कर्ष सुरक्षित रखा है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जहर भोजन में था या बाद में खाए गए तरबूज़ में—फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
