पेट्रोल-डीज़ल फिर हुआ महंगा | 4 दिनों में दूसरी बार बढ़े दाम, आम जनता की बढ़ी चिंता

नई दिल्ली/ खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
देशभर में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। पिछले 15 मई को पेट्रोल में 3 रुपये और डीज़ल में 3.11 रुपये की भारी बढ़ोतरी के बाद अब चार दिन के भीतर दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। मंगलवार सुबह से नए रेट लागू हो गए हैं, जिससे आम जनता की चिंता और बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में देशवासियों से ईंधन का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की अपील के बाद ही लोगों को भविष्य में आर्थिक संकट की आशंका होने लगी थी। अब पेट्रोल-डीज़ल की लगातार बढ़ती कीमतों ने इस डर को और मजबूत कर दिया है।
बताया जा रहा है कि ईरान, अमेरिका और इज़रायल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। इससे भारतीय पेट्रोलियम कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया था। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद केंद्र सरकार ने इस बोझ का कुछ हिस्सा आम लोगों पर डालने का फैसला किया, जिसके चलते ईंधन के दामों में फिर वृद्धि हुई है।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम
- दिल्ली – ₹98.64 (+87 पैसे)
- कोलकाता – ₹109.70 (+96 पैसे)
- मुंबई – ₹107.59 (+91 पैसे)
- चेन्नई – ₹104.49 (+82 पैसे)
देश के प्रमुख शहरों में डीज़ल के नए दाम
- दिल्ली – ₹91.58 (+91 पैसे)
- कोलकाता – ₹96.07 (+94 पैसे)
- मुंबई – ₹94.08 (+94 पैसे)
- चेन्नई – ₹96.11 (+86 पैसे)
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल और डीज़ल के दामों में दोबारा हुई बढ़ोतरी से परिवहन, रोजमर्रा की वस्तुओं और आम आदमी के बजट पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
