असम से जालना तक ‘लव ट्रैप’ का चौंकाने वाला सफर; दो नाबालिग लड़कियों को बचाया गया, एक आरोपी गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
असम राज्य के आनंदनगर से करीब 15 दिनों से लापता दो नाबालिग लड़कियां आखिरकार जालना रेलवे स्टेशन पर मिलने से हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय एक युवक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ लाया था। फिलहाल जालना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असम के आनंदनगर क्षेत्र की दो नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गई थीं। इस संबंध में उनके परिजनों ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बीच छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन पर दो लड़कियां और एक युवक ट्रेन में चढ़ते समय कुछ यात्रियों की नजर में आए। यात्रियों ने देखा कि दोनों लड़कियां डरी हुई थीं और रो रही थीं। इसके बाद इसकी सूचना जालना गौरक्षक दल को दी गई।
सूचना मिलते ही गौरक्षक दल के राहुल वर्तले, रोहित जाधव, दत्ता पवार, युवराज राठौड़, कैलास मांगड़े, अमोल शिंदे, अमोल सावंत और यश गहेराव ने तुरंत सक्रिय होकर कार्रवाई शुरू की। उन्होंने तत्काल जालना पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने जालना रेलवे स्टेशन पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जाल बिछाकर कार्रवाई की।
इस कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग लड़कियों के साथ राहुल मेहंदी (उम्र 21 वर्ष, निवासी असम) नामक युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर लड़कियों ने बताया कि संबंधित युवक ने प्रेम का झांसा देकर उन्हें घर से बाहर निकाला था।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है। समिति के आदेशानुसार उन्हें मेडिकल जांच के लिए महिला अस्पताल भेजा गया। वहीं हिरासत में लिए गए युवक से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले के पीछे मानव तस्करी, बहला-फुसलाकर भगाने या किसी बड़े गिरोह का हाथ तो नहीं है।
राहुल वर्तले हमेशा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं और समाजहित से जुड़े मुद्दों पर मुखर होकर आवाज उठाते रहे हैं। गौतस्करी और अवैध मांस बिक्री जैसे गैरकानूनी मामलों पर रोक लगाने के लिए वे लगातार प्रशासन का सहयोग करते आ रहे हैं। आज भी राहुल वर्तले के सहयोग से पुलिस को दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद करने में मदद मिली।
इस घटना के बाद जालना रेलवे स्टेशन परिसर में सनसनी फैल गई है। वहीं गौरक्षक दल की ओर से नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाने वाले गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
