जालना में गुंडाराज: मुर्गियों से भरे पिकअप पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का हमला, बीच सड़क पथराव कर चालक को बेरहमी से पीटा

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार तड़के राजमहल टॉकीज परिसर में उस समय सनसनी फैल गई जब बॉयलर मुर्गियों से भरे एक पिकअप वाहन पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में हमला बोल दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे एमएच 21 बीएच 7632 नंबर का पिकअप वाहन मुर्गियों की ढुलाई कर रहा था। तभी पीछे से आई एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने वाहन का पीछा करना शुरू किया। कुछ दूरी आगे जाकर स्कॉर्पियो ने अचानक पिकअप को बीच सड़क रोक लिया और उसमें से उतरे तीन से चार गुंडों ने ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया।
देखते ही देखते वाहन के शीशे चकनाचूर हो गए और गाड़ी के कई हिस्सों में भारी तोड़फोड़ कर दी गई। आरोपियों ने चालक इमरान अमजद खान (21) को गालियां देते हुए लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। बीच सड़क हुए इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि इस हमले में पिकअप वाहन को करीब 60 से 70 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद घायल चालक ने सदर बाजार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 352 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच पुलिस हेड कॉन्स्टेबल तडवी कर रहे हैं।
इस सनसनीखेज घटना के बाद जालना शहर में एक बार फिर “गुंडाराज” को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नागरिकों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही मारपीट, पथराव, गैंगवार और लूटपाट की घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
हालांकि जिले के नए पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू अवैध धंधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर खुलेआम सड़क पर हो रहे ऐसे हमलों ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब पूरे शहर की नजर इस बात पर टिकी है कि सदर बाजार पुलिस इन हमलावरों को कब तक गिरफ्तार करती है और जालना में बढ़ते गुंडाराज पर कब लगाम लगती है।
