Breaking NewsCrime NewsJalna

बदनापुर में 12 लाख से ज्यादा का प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला जब्त, तस्करी रैकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जालना/कादरी हुसैन 

जिले में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का माल जब्त किया है। बदनापुर थाना क्षेत्र में स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने छापेमारी कर गुटखा और पान मसाले से भरा वाहन पकड़ लिया। इस कार्रवाई से अवैध तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधु और अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान स्थानीय अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में गुटखा और पान मसाला भरकर बाजार गेवराई मार्ग से बदनापुर की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और अशोक लेलैंड वाहन क्रमांक MH20EL2194 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान जावेद गुलाब मिर्झा बेग (34), निवासी शेकटा, छत्रपति संभाजीनगर और संदीप भुमकर, निवासी राजूर, जिला जालना के रूप में हुई है।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान राजनिवास पान मसाला, गोवा-1000, वी-1 विंग तंबाखू, विमल पान मसाला और के एन 01 जाफरानी जर्दा सहित बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा आयशर वाहन भी कब्जे में लिया गया।

जब्त माल की कुल कीमत लगभग 12 लाख 66 हजार 430 रुपये बताई गई है, जिसमें करीब 7 लाख रुपये कीमत का वाहन भी शामिल है।

इस मामले में बदनापुर पुलिस थाने में गुन्हा क्रमांक 278/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 223, 275 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक कुकलारे कर रहे हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधु, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की टीम द्वारा की गई।

जालना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार हो रही छापेमारी से अवैध गुटखा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button