AurangabadBreaking NewsJalnaRajasthan

औरंगाबाद में राजस्थान के युवा व्यापारी की हार्ट अटैक से मौत, पार्थिव शरीर पैतृक गांव भेजने में जालना के समाजसेवियों ने निभाई अहम भूमिका

जालना | कादरी हुसैन

औरंगाबाद के टीवी सेंटर क्षेत्र में “हरियाणा जलेबी” नाम से व्यवसाय करने वाले राजस्थान के जोधपुर जिले के बिरडावास निवासी दिनेश बुधाराम चौधरी (36) का सोमवार सुबह लगभग 10:00 से 10:30 बजे के बीच अचानक आए तीव्र हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, दिनेश चौधरी अपने घर के बाथरूम में थे, तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। साथियों ने तत्काल उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (घाटी), औरंगाबाद भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के बड़े भाई प्रकाश चौधरी ने जालना निवासी समाजसेवी राहुल सत्यनारायणजी करनाडे से संपर्क कर सहायता का अनुरोध किया। सूचना मिलते ही राहुल करनाडे अपने सहयोगी विजय ओमप्रकाश भगत के साथ तत्काल औरंगाबाद पहुंचे और शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया।

पोस्टमार्टम, पुलिस पंचनामा, आवश्यक सरकारी दस्तावेज, मृत्यु से संबंधित कानूनी औपचारिकताएं तथा पार्थिव शरीर को राजस्थान भेजने की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कराने में राहुल सत्यनारायणजी करनाडे और विजय ओमप्रकाश भगत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान पुलिस कर्मचारी शिवाजी एकनाथराव भोसले ने भी आवश्यक सहयोग देकर पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में अहम योगदान दिया। वहीं, चिकित्सकों एवं अस्पताल के कर्मचारियों ने भी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कीं।

सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिनेश बुधाराम चौधरी का पार्थिव शरीर एम्बुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव बिरडावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) अंतिम संस्कार के लिए रवाना कर दिया गया।

इस आकस्मिक निधन से व्यापारी एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। संकट की इस घड़ी में सहायता के लिए आगे आए समाजसेवी राहुल सत्यनारायणजी करनाडे, विजय ओमप्रकाश भगत, पुलिस कर्मचारी शिवाजी एकनाथराव भोसले, चिकित्सकों तथा सभी संबंधित लोगों के प्रति चौधरी परिवार ने हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button