परतूर के पाकिस्तानी गाने “सर तन से जुदा” मामले ने लिया नया मोड़; किरीट सोमैया का किड्स वर्ल्ड इंग्लिश स्कूल का दौरा, बोले— “मान्यता नहीं, इमारत पर भी होगी कार्रवाई”

जालना/कादरी हुसैन
शुक्रवार, 3 जुलाई को दोपहर 2 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना जिले के परतूर स्थित किड्स वर्ल्ड इंग्लिश स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा कथित रूप से पाकिस्तानी गाने “सर तन से जुदा” पर प्रस्तुति देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने शुक्रवार को स्कूल का दौरा कर निरीक्षण किया और स्कूल की मान्यता तथा भूमि से जुड़े गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

निरीक्षण के दौरान किरीट सोमैया ने दावा किया कि संबंधित स्कूल शिक्षा विभाग की आवश्यक अनुमति एवं मान्यता के बिना संचालित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल की इमारत इनामी भूमि पर बनाई गई है, जिसकी जांच कर प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
सोमैया ने कहा कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सिद्ध होता है तो स्कूल को सील करने के साथ-साथ इमारत के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि कथित पाकिस्तानी गाने पर प्रस्तुति का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने संस्था संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद परतूर शहर में व्यापक चर्चा का माहौल है।
अब शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक निर्णय इस मामले की दिशा तय करेंगे।
