महाराष्ट्र ATS का राज्यव्यापी शिकंजा: पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क पर कार्रवाई, 112 संदिग्ध हिरासत में; जालना के भोकरदन-अंबड से भी पूछताछ

जालना | कादरी हुसैन
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने शुक्रवार तड़के राज्यभर में एक साथ बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाते हुए पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संबंध रखने के संदेह में 112 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई को देशविरोधी गतिविधियों के संभावित नेटवर्क के खिलाफ राज्य की अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जालना जिले के भोकरदन और अंबड क्षेत्र से भी कुछ संदिग्धों को ATS ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, इन गिरफ्तारियों और हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सूत्रों के मुताबिक, इस विशेष अभियान के लिए महाराष्ट्र ATS की सभी 14 इकाइयों को सक्रिय किया गया। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा रोड, सांगली, सातारा, औरंगाबाद सहित राज्य के अनेक शहरों में एक साथ छापेमारी कर संदिग्धों के ठिकानों की तलाशी ली गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पाकिस्तान में सक्रिय गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी इंस्टाग्राम, टेलीग्राम तथा फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारतीय युवाओं से संपर्क स्थापित कर उनका ब्रेनवॉश करने तथा उन्हें कथित रूप से देशविरोधी गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहे थे। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर ATS ने यह व्यापक अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए संदिग्धों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, इंटरनेट चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन पड़ताल की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि जांच में कथित नेटवर्क से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ATS अधिकारियों द्वारा सभी संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं राज्य में किसी बड़ी आतंकी साजिश या सामाजिक अशांति फैलाने की योजना तो नहीं बनाई जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोकरदन से दो लोगों को हिरासत में लिए जाने तथा अंबड से एक-दो लोगों को पूछताछ के लिए लाए जाने की सूचना है। हालांकि, इस संबंध में ATS की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और एजेंसियां पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही हैं।
