AurangabadBreaking NewsCrime News

उमराह और तुर्की यात्रा के नाम पर 10 लाख की ठगी, फर्जी वीज़ा और टिकट देकर परिवार को बनाया शिकार

औरंगाबाद  | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

उमराह के लिए मक्का-मदीना और तुर्की की यात्रा कराने का झांसा देकर एक परिवार से 10 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने फर्जी वीज़ा, नकली हवाई टिकट और होटल बुकिंग दस्तावेज देकर यात्रियों को धोखा दिया। यह घटना 27 से 31 अगस्त 2025 के दौरान शाहगंज क्षेत्र में हुई। इस मामले में सिटी चौक पुलिस थाने में बुधवार (9 जुलाई) को मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजरपुरा निवासी फैजान खान सुबान खान (35) के रूप में हुई है, जो ‘शिद्रा ट्रैवल्स’ नाम से ट्रैवल एजेंसी संचालित करता था। अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

शिकायतकर्ता शेख शरीफ मोहम्मद बकरुद्दीन (55), निवासी मोतीवाला नगर, ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में शाहगंज क्षेत्र में उनकी मुलाकात फैजान खान से हुई थी। आरोपी ने दावा किया कि वह कई लोगों को उमराह और तुर्की की यात्रा करा चुका है तथा यात्रा से जुड़े सभी दस्तावेज और वीज़ा उपलब्ध कराता है। उसकी बातों पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी, मां, तीन बेटे और एक बेटी सहित सात सदस्यीय परिवार की यात्रा की योजना बनाई।

आरोपी ने पूरी यात्रा और दस्तावेजों के लिए 15 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। शिकायतकर्ता ने 27 अगस्त 2025 को 6 लाख रुपये तथा 31 अगस्त 2025 को 4 लाख रुपये, कुल 10 लाख रुपये, शाहगंज क्षेत्र में आरोपी को सौंप दिए। इसके बाद आरोपी ने हवाई टिकट, होटल बुकिंग की रसीदें और वीज़ा दिए, लेकिन यात्रा की तारीख नजदीक आने पर सभी दस्तावेज फर्जी निकले।

ठगी का पता चलने पर शिकायतकर्ता ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रोशनगेट स्थित उसका कार्यालय बंद मिला। उसके घर पर भी ताला लगा था और मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। मामला दर्ज होने के बाद जांच अधिकारी उपनिरीक्षक भागवत मुठाल ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने इसी तरह शहर के अन्य लोगों के साथ भी उमराह और विदेश यात्रा के नाम पर ठगी की है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button