AurangabadBreaking NewsPolitics

औरंगाबाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष एड. सय्यद अक्रम को जान से मारने की धमकी, पुलिस से की कड़ी कार्रवाई की मांग

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा

औरंगाबाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एड. सय्यद अक्रम सय्यद अब्बास को अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई की शाम से उनके मोबाइल पर लगातार धमकी भरे संदेश आ रहे हैं। इन संदेशों में उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी दिए जाने का दावा किया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

एड. सय्यद अक्रम ने अपनी शिकायत में कहा है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने स्मार्ट मीटर, नीट परीक्षा पेपर लीक, ईंधन की बढ़ती कीमतों तथा राम मंदिर क्षेत्र में कथित चंदा चोरी जैसे विभिन्न जनहित और सामाजिक मुद्दों पर आंदोलन किए थे। उनका आरोप है कि इन्हीं आंदोलनों से नाराज होकर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन धमकियों के कारण उन्हें और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। इसलिए संबंधित आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायत के साथ धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

एड. सय्यद अक्रम ने पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशिकांत सातव से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। वहीं, कांग्रेस के एक शिष्टमंडल ने भी क्रांति चौक पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एड. सय्यद अक्रम ने कहा, “मैं ऐसी धमकियों से डरने वाला नहीं हूं। मैं कांग्रेस का एक सिपाही हूं और हमेशा रहूंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button