जालना में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, मंगलबाजार और भिखारी चौक से 52 अवैध कब्जे हटाए

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान को और तेज करते हुए बुधवार, 15 जुलाई 2026 को मंगलबाजार एवं भिखारी चौक परिसर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अंजली शर्मा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में कुल 52 अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया।

अभियान के दौरान 2 जेसीबी मशीनें, 1 टिप्पर तथा महानगरपालिका का बड़ा अमला तैनात किया गया था। इस कार्रवाई में पुलिस प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
यह अभियान उपायुक्त त्र्यंबक कांबळे एवं सहायक आयुक्त विजय फुलंब्रीकर की उपस्थिति में चलाया गया। इस अवसर पर शोएब खान, शुभम जाधव, राहुल हिवाळे, मैथ्यू चॉको, फिरोज बेग, कादर खान, तुषार लोखंडे सहित महानगरपालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां यदि दोबारा अवैध कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाले खर्च की वसूली भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी।
महानगरपालिका प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जालना शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार और प्रभावी ढंग से जारी रहेगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
