औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: दो सगे भाइयों की मौके पर मौत, परिवार का सहारा टूटा

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
औरंगाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए करीब दो महीने पहले ही शहर आए दोनों भाइयों को तेज रफ्तार कार ने उस समय टक्कर मार दी, जब छोटा भाई बड़े भाई को ड्यूटी से घर लेकर लौट रहा था। हादसा बुधवार (20 अगस्त) की रात करीब 2 बजे चिकलठाणा एमआईडीसी स्थित आईटी पार्क के पीछे की सड़क पर हुआ।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय निखिल अंकुश आरके और 19 वर्षीय कपिल अंकुश आरके के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से सिल्लोड के रहने वाले थे और वर्तमान में आंबेडकरनगर, गली नंबर 12 में रह रहे थे।
दोनों भाई सिडको क्षेत्र स्थित एक मॉल में नौकरी करते थे। बुधवार रात करीब 9 बजे कपिल की ड्यूटी समाप्त हुई और वह घर पहुंचा। बड़े भाई निखिल की ड्यूटी खत्म होने का समय होने के कारण कपिल उसे लेने के लिए दोबारा बाइक से मॉल की ओर गया। निखिल को साथ लेकर लौटते समय तेज रफ्तार कार (एमएच-28-बीएस-0990) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने के निरीक्षक गणपत राहिरे, सहायक निरीक्षक भरत पाचोळे और उपनिरीक्षक काले घटनास्थल पर पहुंचे और पंचनामा किया।
परिवार का सहारा बने थे दोनों भाई
निखिल और कपिल के पिता अंकुश आरके सिल्लोड में मिस्त्री का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके दो बेटों के अलावा एक छोटी बेटी भी है। दोनों बेटे बड़े होने के बाद नौकरी कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद करेंगे, इसी उम्मीद से पिता ने उन्हें शहर में अपने मामा के पास भेजा था।
दोनों भाइयों को मॉल में नौकरी मिलने के बाद परिवार को उम्मीद थी कि अब आर्थिक परेशानियां कुछ कम होंगी। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक ही रात में परिवार का सहारा छीन लिया।
एक साथ दोनों जवान बेटों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी चीख-पुकार से घटनास्थल और अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।
हादसे की आगे की जांच सहायक निरीक्षक कैलास लहाणे कर रहे हैं।
