Breaking NewsCrime NewsKannad

एक मिस्ड कॉल से कन्नड़ से दिल्ली तक पहुंची 12 वर्षीय नाबालिग, पुलिस ने सुरक्षित खोज निकाला

कन्नड़ | अशरफ़ अली 

शहर से लापता हुई 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची का पुलिस ने अथक प्रयास और तकनीकी जांच के माध्यम से दिल्ली में सुरक्षित पता लगा लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और महाराष्ट्र तथा दिल्ली पुलिस के बीच प्रभावी समन्वय के चलते बच्ची को सुरक्षित बरामद करने में सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कन्नड़ शहर पुलिस थाने में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही जांच दल ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान कन्नड़ बस स्टैंड परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें बच्ची बस में बैठकर औरंगाबाद की ओर जाती हुई दिखाई दी।

इसके बाद औरंगाबाद के बस स्टैंड सहित सावकर चौक, बाबा पेट्रोल पंप और वाळूज क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। हालांकि, शुरुआत में बच्ची के संबंध में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल रहा था। बच्ची के पास संपर्क के लिए कोई मोबाइल नंबर भी उपलब्ध नहीं था, जिससे पुलिस के सामने उसकी तलाश करना बड़ी चुनौती बन गया था।

इसी दौरान बच्ची के पिता के मोबाइल पर आए एक अनजान नंबर के मिस्ड कॉल से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस ने तकनीकी जांच के माध्यम से उस मोबाइल नंबर की लोकेशन का पता लगाया। जांच में संबंधित मोबाइल की लोकेशन दिल्ली के कश्मीरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद कन्नड़ शहर पुलिस ने तत्काल संबंधित पुलिस थाने से संपर्क कर बच्ची की फोटो, शारीरिक हुलिया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। महाराष्ट्र और दिल्ली पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस ने तलाश अभियान तेज किया। आखिरकार 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची को दिल्ली में सुरक्षित खोज लिया गया और उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सुरक्षित बरामद किया गया।

पुलिस ने इस मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन तथा महाराष्ट्र और दिल्ली पुलिस के बीच समन्वय का प्रभावी उपयोग किया। पुलिस की इस कार्रवाई से बच्ची के परिजनों को बड़ी राहत मिली है।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत स्वामी, औरंगाबाद ग्रामीण की सहायक पुलिस अधीक्षक अपरजिता अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में पुलिस उपअधीक्षक आरती आर. पवार, सपोनि सतीश डिंडे, पोउपनि नवनाथ गाडेकर के नेतृत्व में पोउपनि केशरसिंग जारवाल, पुलिसकर्मी राजकुमार कुकलारे, सागर सुलाने और मपोशे सुनिता गोरे सहित कन्नड़ शहर पुलिस थाने के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई के लिए बच्ची के परिजनों तथा नागरिकों द्वारा पुलिस टीम की प्रशंसा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button