AurangabadBreaking NewsCrime News

मिल कॉर्नर के ‘लकी स्टार’ होटल में जुआ अड्डे पर छापा, 29 जुआरी गिरफ्तार

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

पुलिस आयुक्तालय से कुछ ही दूरी पर मिल कॉर्नर स्थित ‘लकी स्टार’ होटल में दोबारा शुरू हुए जुआ अड्डे पर पुलिस ने शनिवार (22 अगस्त) देर रात छापा मारकर 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपी ‘झन्नामन्ना’ नामक जुआ खेल रहे थे। कार्रवाई में नकदी और मोबाइल फोन समेत करीब 5 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया। यह जानकारी अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक गजानन कल्याणकर ने दी।

पुलिस आयुक्त प्रविण पवार को ‘लकी स्टार’ होटल में जुआ चलने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद उनके आदेश पर पुलिस कल्याण विभाग की निरीक्षक नीतू तायडे और अपराध शाखा के ‘पास 20’ पथक को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद शनिवार रात करीब 9:40 बजे पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान आरोपी पैसों पर ‘झन्नामन्ना’ जुआ खेलते हुए पाए गए। कार्रवाई के दौरान सिटी चौक पुलिस थाने की वरिष्ठ निरीक्षक निर्मला परदेशी और उनके कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर जब्ती पंचनामा किया गया।

इस मामले में सिटी चौक थाने के उपनिरीक्षक प्रमोद कोळेकर की शिकायत पर 29 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक भागवत मुठाळ कर रहे हैं।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रविण पवार, उपायुक्त (अपराध) शशिकांत सातव, सहायक आयुक्त (शहर) सागर देशमुख और अपराध शाखा के निरीक्षक गजानन कल्याणकर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक नीतू तायडे, निर्मला परदेशी, अपराध शाखा ‘पास 20’ के उपनिरीक्षक दिनेश बन सहित थोरात, गोबाडे, डाखुरे, आवारे, राऊत, साबळे, जाधव, शेख, शेंडे, नाटकर, कराडकर, पठाण, मपोअं. माळी, इंगळे, भोसले तथा सिटी चौक पुलिस की टीम शामिल रही।

गिरफ्तार किए गए 29 जुआरी

प्रताप चव्हाण (जाफराबाद), बालमुकुंद जस्वाल (लासूर स्टेशन), सिड्डू खान पठाण (कन्नड), शेख हमीद (भडकल गेट), शरीफ कुरेशी (गेवराई तांडा), मजार खान (नारेगांव), हुमेश कुरेशी (सिल्लेखाना), कैलास चोरमाळे (जालना), घनशाम भुरेवाल (जालना), शेख युनुस (नारेगांव), आतिक पठाण (पडेगांव), शेख नईम (नारेगांव), सुरेश जगताप (जयभीमनगर), अनिल टेकाळे (बदनापुर), शेख रजित (किराडपुरा), शेख अन्वर (बारी कॉलोनी), शेख मतीन (कटकट गेट), संदीप बिरुटे (गंगापुर), लखन कुसे (बेगमपुरा), शेख शमशुद्दीन (सादातनगर), आतिष इंगळे (भावसिंगपुरा), फिरोज खान (बेगमपुरा), रामदास दांडगे (पदमपुरा), मनोज कंदे (नारळीबाग), समाधान नवल (भावसिंगपुरा), महिंद्रा कांबळे (पुसद), मोहसिन खान (भडकल गेट), अक्रम खान (बेगमपुरा) और अशक अली उर्फ बब्बु जिलानी सय्यद (छावणी) को गिरफ्तार किया गया है।

पिछले साल भी 100 जुआरी पकड़े गए थे

बताया गया है कि यह होटल एक राजनीतिक दल के पदाधिकारियों से संबंधित है। पिछले वर्ष जुलाई में भी सिटी चौक पुलिस ने इसी होटल पर छापा मारा था। उस समय होटल की चारों मंजिलों से करीब 100 जुआरियों को पकड़ा गया था। इससे पहले भी पुलिस यहां कार्रवाई कर चुकी है। बार-बार इसी होटल में जुआ अड्डा संचालित होने की घटनाओं से पुलिस कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button