मोती तालाब में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत, जालना में मचा हड़कंप

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के मोती तालाब में शनिवार शाम मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसा शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। मृतक की पहचान वाल्मीकि नगर निवासी शेख बशीर शेख यासीन (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शेख बशीर विद्युत विभाग में ठेका कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक, शेख बशीर अपने चार दोस्तों के साथ मोती तालाब में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान मछली पकड़ते हुए वह तालाब के पानी में कुछ दूर तक चले गए। अचानक गहराई अधिक होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूब गए। शेख बशीर को तैरकर बाहर निकलता न देख उनके दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने अग्निशमन दल को जानकारी दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल के जवान मौके पर पहुंचे और नाव की सहायता से तालाब में खोज अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद जवानों ने शेख बशीर का शव बरामद कर लिया।
घटना के बाद चंदनझिरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। शव को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे की खबर से वाल्मीकि नगर परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। शेख बशीर की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
