Breaking NewsCrime NewsMumbai

डेटिंग ऐप पर हुई दोस्ती, बीयर पिलाकर होटल ले गए; दो सगी बहनों से दुष्कर्म, एक नाबालिग

मुंबई | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

सांताक्रूज इलाके में रहने वाली दो बहनों की एक डेटिंग ऐप के जरिए दो युवकों से पहचान हुई। कुछ दिनों तक दोनों युवकों और युवतियों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती रही। इसके बाद आरोपियों ने दोनों बहनों को मिलने के लिए नवी मुंबई के सीवुड्स बुलाया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने दोनों युवतियों के लिए टैक्सी बुक की। दोनों बहनें टैक्सी से सीवुड्स पहुंचीं, जहां आरोपी उन्हें एक मॉल और अन्य जगहों पर घुमाने ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक स्थान पर बीयर पिलाई। नशा चढ़ने के बाद आरोपियों ने कुछ देर आराम करने के बहाने दोनों को एक होटल में ले गए।

आरोप है कि होटल पहुंचने के बाद आधी रात को दोनों आरोपियों ने दोनों बहनों के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित युवतियों में से एक नाबालिग बताई जा रही है।

घर लौटने के बाद दोनों बहनों ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। दोनों बहनों की चिकित्सकीय जांच कराई गई और पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, सांताक्रूज में दर्ज मामले को आगे की जांच के लिए नवी मुंबई के एनआरआई सागरी पुलिस थाने को स्थानांतरित किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जिन-जिन स्थानों पर ले जाया गया था, वहां के सीसीटीवी फुटेज तथा टैक्सी बुकिंग समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button