Breaking NewsCrime NewsJalna

देऊलगांव राजा पुलिस थाने के गेट पर खूनी संघर्ष; शिवसेना नगरसेवक समेत दो की मौत

जालना/कादरी हुसैन

देऊलगांव राजा में रविवार को कव्वाली कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद सोमवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद सुलझाने पुलिस थाने पहुंचे दो गुटों के बीच थाने के गेट के सामने ही जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक घटना में शिवसेना शिंदे गुट के नगरसेवक शेख अनवर शेख अली और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजित पवार गुट के पराजित उम्मीदवार आरिफ खान हारून खान की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात देऊलगांव राजा के आठवड़ी बाजार परिसर में कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में दो गुटों के बीच तनाव का कारण बन गया।

5 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे दोनों गुट विवाद सुलझाने के लिए देऊलगांव राजा पुलिस थाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद दोबारा भड़क गया और पुलिस थाने के गेट के सामने ही दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल शेख अनवर शेख अली को उपचार के लिए जालना जिला सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरिफ खान हारून खान को देऊलगांव राजा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बुलढाणा पुलिस और देऊलगांव राजा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जालना जिला सामान्य अस्पताल में शेख अनवर शेख अली के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस थाने के गेट के सामने हुए इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में तनाव और हड़कंप का माहौल है। घटना के पीछे के कारण, मारपीट में शामिल आरोपियों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर पुलिस जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button