पत्रकारिता की स्वतंत्रता के लिए पत्रकारों को आर्थिक मजबूती देना जरूरी : खान एजाज अहमद

जालना/कादरी हुसैन
पत्रकारिता को निष्पक्ष, स्वतंत्र और दबावमुक्त बनाए रखने के लिए पत्रकारों तथा समाचार पत्रों का आर्थिक रूप से मजबूत होना आवश्यक है। यह विचार खासदार टाईम्स के मुख्य संपादक एवं CMBC Overall Development Platform के निदेशक खान एजाज अहमद ने व्यक्त किए।
खान एजाज अहमद ने कहा कि पत्रकार जनता की समस्याओं को उजागर करने, भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने तथा जनप्रतिनिधियों की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद छोटे और मध्यम समाचार पत्रों को आर्थिक सहयोग तथा व्यावसायिक विज्ञापन प्राप्त करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सवाल करते हुए कहा कि जब अपनी उपलब्धियों और राजनीतिक कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाना होता है, तब समाचार पत्रों और पत्रकारों की आवश्यकता महसूस होती है, लेकिन उन्हीं मीडिया संस्थानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विज्ञापन देने की बात आती है, तब अपेक्षित सहयोग क्यों नहीं मिलता?
उन्होंने कहा कि पत्रकारों से निष्पक्षता और ईमानदारी की अपेक्षा करने के साथ उनके संस्थानों को भी आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में प्रयास होना चाहिए। पत्रकार की कलम किसी राजनीतिक दल, नेता, अधिकारी या विज्ञापनदाता के दबाव में नहीं, बल्कि सत्य और जनहित के आधार पर चलनी चाहिए।
खान एजाज अहमद ने जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों और पत्रकार संगठनों से अपील की कि स्थानीय समाचार पत्रों को उचित व्यावसायिक विज्ञापन दिए जाएं। विज्ञापन वितरण में पारदर्शिता बरती जाए तथा छोटे-बड़े सभी समाचार पत्रों को समान अवसर प्रदान किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खासदार टाईम्स की यह पहल किसी एक समाचार पत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के सभी छोटे-बड़े समाचार पत्रों, संपादकों और पत्रकारों के सम्मान तथा आर्थिक मजबूती से जुड़ा विषय है।
अंत में खान एजाज अहमद ने कहा कि पत्रकार की कलम बिकनी नहीं चाहिए, लेकिन उसकी मेहनत का उचित मूल्य अवश्य मिलना चाहिए। पत्रकार मजबूत होंगे, मीडिया मजबूत होगा और मीडिया की मजबूती से लोकतंत्र की आवाज भी सशक्त होगी।
