राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अंबड़ के सफवान मजहर डावरगावकर का शानदार प्रदर्शन; लगातार दूसरी बार नेशनल प्रतियोगिता में चयन
ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ परिवार ने मनाया दोहरी सफलता का जश्न

अंबड़/जावेद डावरगांवकर
अंबड़ (जालना) : कोल्हापुर में आयोजित 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की राज्य स्तरीय स्कूली वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अंबड़ तालुका के सफवान मजहर डावरगावकर ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही उनका लगातार दूसरी बार अखिल भारतीय (नेशनल) वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता गुजरात में आयोजित की जाएगी।
सफवान की इस दोहरी सफलता से उनके परिवार सहित पूरे अंबड़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी उपलब्धि का जश्न डावरगावकर परिवार ने अनूठे अंदाज में मनाया। ढोल-ताशों की गूंज और आतिशबाजी के बीच सफवान का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित होकर सफवान मजहर डावरगावकर ने अपनी खेल प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि अंबड़ तालुका का भी गौरव बढ़ा है। क्षेत्र के नागरिकों, खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों की ओर से उन्हें बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
