AurangabadBreaking NewsCrime News

औरंगाबाद में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को हनी ट्रैप में फंसाकर लूटपाट और मारपीट, महिला गिरफ्तार; दो आरोपी फरार

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

काम में मदद करने का झांसा देकर एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को हनी ट्रैप में फंसाने और फिर उसका अपहरण कर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला सहित उसके दो साथियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दोनों फरार साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान दीपाली (35), निवासी सातारा परिसर के रूप में हुई है। पीड़ित 40 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बजाजपुरा क्षेत्र में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है।

करीब 15 से 20 दिन पहले एक फार्मेसी में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। उस युवक ने उसे दीपाली का मोबाइल नंबर दिया था। इसके बाद दीपाली ने काम में मदद करने के बहाने उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने उसकी मांगों को टालना शुरू कर दिया था।

शनिवार शाम करीब 7 बजे दीपाली ने फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया। शिकायतकर्ता ने समय नहीं होने की बात कही तो उसने बच्चों के लिए पुलाव लेकर आने का अनुरोध किया।

इसके बाद रात करीब 9:30 बजे शिकायतकर्ता पुलाव लेकर आलोक नगर स्थित मोरल किड्स स्कूल के पास पहुंचा। उसने दीपाली को पुलाव का पार्सल दिया। दीपाली ने पार्सल घर पर रखकर थोड़ी देर बातचीत करने की बात कही और उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गई।

दोनों करीब 50 मीटर आगे पहुंचे ही थे कि दो अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोपियों ने दीपाली को अपने साथ ले जाने को लेकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने दीपाली का अपहरण कर लिया और शिकायतकर्ता को मोटरसाइकिल से उतारकर अपने साथ बीड बायपास की ओर ले गए।

आरोपियों ने अंधेरे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद देवलाई चौक स्थित एटीएम से उसके खाते से 3 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल शिवाजीनगर चौक पर छोड़कर फरार हो गए।

इस मामले में सातारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस निरीक्षक कृष्णा शिंदे ने बताया कि गिरफ्तार महिला दीपाली के फरार साथियों की तलाश की जा रही है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नंदकुमार भंडारे कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button