“जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, मुंबई नहीं छोड़ेंगे” – मनोज जरांगे पाटील का ऐलान
मराठा आरक्षण आंदोलन: मनोज जरांगे पाटील मुंबई पहुंचे, आजाद मैदान पर उपोषण शुरू – अमरण उपोषण की अनुमति मांगी

मुंबई: मराठा समाज के प्रमुख नेता मनोज जरांगे पाटील गुरुवार को मुंबई पहुंचे और ओबीसी कोटे से मराठा समाज को आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर आजाद मैदान में उपोषण पर बैठ गए। उनके आगमन के बाद बड़ी संख्या में मराठा समाज के लोग मुंबई पहुंचे, जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
मनोज जरांगे पाटील ने आंदोलन को अनुमति देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया, लेकिन इसके साथ ही बड़ा इशारा देते हुए कहा कि उन्हें अमरण उपोषण की अनुमति दी जाए। हालांकि, प्रशासन ने उन्हें सिर्फ एक दिन के उपोषण की इजाजत दी है।
जरांगे पाटील ने साफ कहा – “जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हम मुंबई नहीं छोड़ेंगे। यह मेरा वचन है।” गौरतलब है कि अदालत ने उपोषण की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन पुलिस ने 20 शर्तों के साथ इसकी अनुमति दी है, वह भी केवल एक दिन के लिए।
सुबह से ही आजाद मैदान और मुंबई के कई हिस्सों में भारी भीड़ और जाम की स्थिति रही। आंदोलनकारियों की भीड़ के बीच जरांगे पाटील ने अपील की कि लोग सड़क पर गाड़ियां खड़ी न करें, पुलिस से पार्किंग की जानकारी लें और कानून-व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने आंदोलनकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि गड़बड़ या हंगामा बिल्कुल नहीं होना चाहिए।
इस बीच, जरांगे पाटील अमरण उपोषण की अपनी मांग पर अडिग हैं। सरकार का शिष्टमंडल उनसे मुलाकात के लिए गया था, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। ऐसे में जरांगे पाटील ने दो टूक कहा है कि अब चाहे कुछ भी हो जाए, वे पीछे नहीं हटेंगे।
