Breaking NewsJammu & KashmirMaharashtraPolitics

पहलगाम आतंकी हमले में जान बचाते हुए शहीद हुए सैयद आदिल हुसैन शाह, एकनाथ शिंदे ने दी श्रद्धांजलि और सहायता राशि

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जहां 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत ने देश को झकझोर दिया, वहीं इसी हमले में 20 वर्षीय स्थानीय युवक सैयद आदिल हुसैन शाह ने अपनी बहादुरी से लोगों के दिल जीत लिए। अपनी जान की परवाह किए बिना आदिल ने पर्यटकों को बचाने की कोशिश की और आतंकियों का सामना किया। इस दौरान उन्हें गोली मार दी गई और वे शहीद हो गए।

आदिल पेशे से घुड़सवारी कराते थे और उस वक्त एक पर्यटक को घोड़े पर ले जा रहे थे। आतंकियों के सामने आने पर उन्होंने निडरता दिखाते हुए एक आतंकी की राइफल छीनने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उन्हें गोली लग गई। आदिल की यह कुर्बानी अब पूरे देश में साहस और इंसानियत की मिसाल बन चुकी है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सैयद आदिल की बहादुरी को सलाम करते हुए उनके परिवार के लिए पांच लाख रुपये की व्यक्तिगत सहायता राशि दी है। यह राशि शिवसेना कार्यकर्ताओं और ‘सरहद’ संस्था के जरिए सौंपी गई। शिंदे ने वीडियो कॉल के जरिए सैयद के परिवार से बात भी की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान स्थानीय विधायक सईद रफीक शाह भी मौजूद रहे।

एकनाथ शिंदे 23 अप्रैल की रात श्रीनगर पहुंचे थे ताकि हमले के बाद फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों से मिल सकें। उन्होंने एयरपोर्ट कैंप में जाकर यात्रियों की स्थिति की जानकारी ली और अगले दिन महाराष्ट्र लौट गए।

सैयद आदिल की बहादुरी की देशभर में सराहना हो रही है और सोशल मीडिया पर उन्हें ‘शहीद’ और ‘नायक’ कहा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button