Breaking NewsCrime NewsUttar Pradesh

शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा: बेटी ने पिता के सामने की आत्महत्या, सदमे में रात में हुई पिता की भी मौत

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र अंतर्गत गांव विक्रमपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय किशोरी पायल ने अपने लकवाग्रस्त पिता विनोद कुमार के सामने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बोलने और चलने में असमर्थ पिता बेबस होकर बेटी को तड़पते देखते रहे लेकिन कुछ नहीं कर सके। बेटी की मौत के इस गहरे सदमे में मंगलवार रात को खुद पिता ने भी दम तोड़ दिया।

घर पर अकेले थे पिता और बेटी

विक्रमपुर निवासी विनोद कुमार लकवे से ग्रस्त थे और चारपाई पर ही जीवन बिता रहे थे। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें बड़ी की शादी हो चुकी है। मंझली बेटी नेहा की तबीयत खराब होने पर पत्नी रितु देवी उसे इलाज के लिए चार दिन पहले बरेली ले गई थीं। ऐसे में घर पर विनोद और सबसे छोटी बेटी पायल ही रह गए थे।

मंगलवार दोपहर पायल ने घर के बरामदे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता विनोद पास की ही चारपाई पर थे, लेकिन असहाय होने के कारण न कुछ बोल सके, न मदद के लिए पुकार सके। शाम को परिजनों ने पायल का अंतिम संस्कार कर दिया।

रात में टूट गया पिता का भी दम

बेटी की दर्दनाक मौत का सदमा विनोद कुमार सहन नहीं कर सके और रात में उनकी भी मौत हो गई। बुधवार सुबह जब यह खबर गांव में फैली तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

परिजनों का कहना है कि विनोद बीमार जरूर थे, लेकिन बेटी की मौत ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया और वही सदमा उनकी जान ले गया। पत्नी रितु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही दिन में बेटी और पति को खोकर परिवार पूरी तरह टूट चुका है।

गांव में पसरा मातम

इस दुखद घटना से गांव विक्रमपुर में शोक की लहर फैल गई है। हर आंख नम है और हर दिल में यही सवाल है कि आखिर ऐसी त्रासदी क्यों हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को मानसिक और आर्थिक सहयोग देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button