Breaking NewsMumbai

नालासोपारा में बॉडी स्प्रे के विस्फोट से एक ही परिवार के चार लोग घायल

मुंबई : नालासोपारा के आचोला इलाके में एक घर में बॉडी स्प्रे की बोतल के विस्फोट से हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग झुलसकर घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से 9 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, आचोला के संकेश्वर नगर स्थित रोशनी अपार्टमेंट के रूम नंबर 112 में परफ्यूम की बोतलों को भरने का काम हो रहा था। इसी दौरान घर में विस्फोट हो गया। इस घटना में महावीर वडर (उम्र 41) 43% जल गए हैं, उनकी पत्नी सुनीता वडर 80% जल चुकी हैं, बेटी हर्षदा 64% झुलस गई हैं, और 9 वर्षीय बेटा हर्षवर्धन वडर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही आचोला पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

कैसे हुआ विस्फोट?

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात परफ्यूम की एक्सपायर्ड बोतलों को खाली किया जा रहा था। इसी दौरान, परफ्यूम में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ का संपर्क घर में खाना बनाते समय आग से हो गया और भयानक विस्फोट हुआ।

इस हादसे में घर के चारों सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी हालत नाजुक होने के कारण मुंबई के केएम अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button