Breaking NewsJammu & KashmirPolitics

पहलगाम हमले पर बवाल: सिमरनजीत सिंह मान ने पाक को क्लीन चिट दी, एजेंसियों पर फेलियर का आरोप

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के बैसरन घाटी में हुए हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ डिप्लोमैटिक स्तर पर भी सख्त रुख अपनाया है। वहीं, इस बीच शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान का विवादित बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सबूत न होने की बात कही है।

फिरोजपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि भारत पाकिस्तान पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा, “पहलगाम में हुए हमले का भारत के पास कोई ठोस सबूत नहीं है कि इसमें पाकिस्तान शामिल है।” मान ने देश की इंटेलिजेंस एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर इतना बड़ा हमला हुआ और एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी, तो यह उनकी नाकामी है।

सिमरनजीत सिंह मान ने आगे कहा कि बिना सबूत के पाकिस्तान पर आरोप लगाना गलत है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से केंद्र सरकार को बर्खास्त करने और देश में नए सिरे से चुनाव कराने की मांग भी की। मान ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाया जाए कि देश की खुफिया एजेंसियां इस हमले को रोकने में क्यों नाकाम रहीं।

सिमरनजीत सिंह मान के इस बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है और उन्हें देशभर में आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, देश की राजनीति में इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष दोनों ही पाकिस्तान के खिलाफ एकजुट नजर आ रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button