लोणार बसस्थानक पर महिला चोर रंगेहाथ गिरफ्तार – 20 हज़ार का माल बरामद
पर्स में निकले ब्लेड और चोरी के मोबाइल – खुलासा होते ही सनसनी!

लोणार/फिरदोस खान पठान
बसस्थानक लोणार पर हुई चोरी की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी गया मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
फिर्यादी दिनकर भगवान गुंड, निवासी शिरपुर (ता. मंठा, जि. जालना) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर 2025 को दोपहर लगभग 12 बजे वे छत्रपती संभाजीनगर से बस द्वारा लोणार आए थे। बस से उतरते समय भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनका OPPO कंपनी का मोबाइल (कीमत ₹10,000) चोरी कर लिया। इस पर पुलिस स्टेशन लोणार में अपराध क्र. 346/2025, भा.दं.सं. की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
तुरंत ही पुलिस उपनिरीक्षक निमिष मेहेत्रे के मार्गदर्शन में तपास अंमलदार संजय जाधव, संतोष चव्हाण, अनिल शिंदे, ज्ञानेश्वर निकस, गजानन डोईफोडे और महिला पोहेकॉ शिला डाखोरे की टीम बसस्थानक परिसर में रवाना की गई। छानबीन के दौरान एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पूछताछ में उटपटांग जवाब देने पर उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से चोरी गया OPPO मोबाइल, एक Realme 8 मोबाइल (किंमत ₹10,000) और चोरी के लिए उपयोग किए जाने वाले 4 ब्लेड बरामद किए गए।
गिरफ्तार महिला का नाम ज्ञानेश्वरी नितिन पवार उर्फ ज्ञानेश्वरी विकास काळे (आयु 26 वर्ष, निवासी अंबेरा, ता. देऊलगांव राजा, जि. बुलढाणा) है।
बरामद माल :
- OPPO कंपनी का A78 5G मोबाइल (कीमत ₹10,000)
- Realme 8 मोबाइल (कीमत ₹10,000)
- चोरी के लिए उपयोग किए जाने वाले 4 ब्लेड
पुलिस का मानना है कि बसस्थानक लोणार में हुई अन्य चोरियों में भी इस महिला का हाथ हो सकता है। मामले की आगे जांच जारी है।
यह कार्रवाई बुलढाणा जिल्हा पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे, अपर पुलिस अधीक्षक अमोल गायकवाड और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रदीप पाटील के मार्गदर्शन में की गई।
