गैस दरवृद्धि के विरोध में नूतन वसाहत में कांग्रेस का आक्रामक आंदोलन

जालना | कादरी हुसैन
घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार (12 मार्च) को जालना शहर के नूतन वसाहत क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की ओर से जोरदार आंदोलन किया गया। जालना शहर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अतिक खान के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई के खिलाफ रोष व्यक्त किया। आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को आम जनता के लिए गंभीर समस्या बताते हुए सरकार से तत्काल कीमतें कम करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 115 रुपये की बढ़ोतरी की है। इस निर्णय से आम नागरिकों, गृहिणियों, छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को जल्द वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी की ओर से जालना के जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण आम जनता पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रही है, ऐसे में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा एलपीजी गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने वाली है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में वृद्धि होने के बावजूद आम जनता पर उसका सीधा बोझ नहीं डाला गया था और सब्सिडी के माध्यम से लोगों को राहत दी जाती थी। उस समय घरेलू गैस सिलेंडर लगभग 400 रुपये में उपलब्ध था, जबकि वर्तमान में एक सिलेंडर के लिए 900 रुपये से अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि गैस सिलेंडर बुकिंग की अवधि पहले 15 दिन थी, जिसे बढ़ाकर एक महीना कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़कर लगभग 1900 रुपये तक पहुंच गई हैं और इनके वितरण में भी रेशनिंग की जा रही है।
इसका सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है, जिन्हें घर से दूर रहकर होटल या भोजनालयों में भोजन करना पड़ता है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर महंगा होने से खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
कांग्रेस पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि आम जनता, होटल व्यवसायियों, खानावली संचालकों तथा खाद्य पदार्थ बनाने और बेचने वाले छोटे व्यापारियों को गैस सिलेंडर बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराया जाए और गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत कम किया जाए।
इस आंदोलन में कांग्रेस के प्रदेश अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष बदर चाऊस, शहर अध्यक्ष अतिक खान, सेवादल जिला अध्यक्ष इब्राहिम शेख, शेख शकील, शेख वसीम, रघुवीर गुडे, दिनेश सुराणा, अब्दुल अजीज, सूफियान कुरैशी, दिग्विजय धाड़गे, अमोल राजे भोसले, आसिफ पठान, इखलास भाई, आदिल चाऊस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।