पैठण में आईटीआई के पीछे खुलेआम हो रहा अवैध रेत उत्खनन, प्रशासन पर उठे सवाल

पैठण/सबदर कुरैशी
पैठण शहर के समीप शहागड रोड स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के पीछे इन दिनों खुलेआम बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां दिन-रात मशीनों की मदद से नदी से रेत निकाली जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में पैठण तहसीलदार और महसूल विभाग के कर्मचारी केवल मूकदर्शक बने हुए दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे इस अवैध रेत उत्खनन के पीछे आखिर किसका संरक्षण है, यह बड़ा सवाल बन गया है। यदि शासन का रोज लाखों-करोड़ों रुपये का राजस्व इस तरह अवैध तरीके से लूटा जा रहा है, तो संबंधित अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं?
नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि कोई सामान्य व्यक्ति छोटी सी गलती भी करता है तो प्रशासन तुरंत कार्रवाई करता है, लेकिन यहां खुलेआम चल रहे अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शासन को इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए और शासन को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
