अंकुश कोचिंग क्लासेस में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के अंकुश कोचिंग क्लासेस में करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है तथा छात्रों और अभिभावकों में भय और चिंता का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत युवक की पहचान करण मोरे के रूप में हुई है, जो खरपुडी का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक कोचिंग क्लासेस में पानी डालने के लिए आया हुआ था। इसी दौरान उसे अचानक बिजली का करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई अभिभावकों ने कोचिंग संस्थान में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट किस कारण से लगा और परिसर में बिजली व्यवस्था में कोई लापरवाही थी या नहीं। मामले की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। इस दुखद घटना से मृत युवक के परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।