Breaking NewsPoliticsVidharbh

“शिवसेना का बाप मैं हूं” – भाजपा विधायक फुके के बयान से मचा सियासी बवाल, शिंदे गुट ने दी चेतावनी

भंडारा: पिछले कुछ महीनों से विपक्ष के खिलाफ आक्रामक भूमिका निभा रहे भाजपा विधायक परिणय फुके के एक बयान ने भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है। भंडारा में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम में बोलते हुए फुके ने ऐसा बयान दे दिया, जिससे शिवसेना शिंदे गुट भड़क उठा।

भाजपा के कार्यक्रम में फुके ने कहा, “शिवसेने का बाप मैं हूं” — यह बयान सामने आने के बाद शिंदे गुट ने तीव्र प्रतिक्रिया देते हुए फुके से माफी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो शिवसेना की स्टाइल में उन्हें सबक सिखाया जाएगा।

शिवसेना शिंदे गुट के लोकसभा प्रमुख संजय कुंभलकर ने पत्रकार परिषद में कहा, “शिवसेना के असली बाप दिवंगत बालासाहेब ठाकरे हैं। ऐसे में कोई भी व्यक्ति जबरदस्ती शिवसेना का अवैध बाप बनने की कोशिश न करे।”

कुंभलकर ने आरोप लगाया कि फुके ने हाल ही में हुई जिला बैंक चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को मदद पहुंचाई, जिससे शिवसेना के अधिकृत उम्मीदवार डॉ. प्रकाश मालगावे की हार हुई।

उन्होंने दावा किया कि फुके ने कांग्रेस के उम्मीदवार को 6 वोट दिलवाने का षड्यंत्र रचा। कुंभलकर ने कहा, “फुके ने शिवसेना के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, जिससे हमारे कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ऐसे नेताओं को नियंत्रित करना चाहिए, नहीं तो हम बताएंगे कि शिवसेना का असली बाप कौन है।”

परिणय फुके ने क्या कहा था?

फुके ने अपने बयान में कहा, “जब घर में बच्चे को अच्छे नंबर मिलते हैं तो मां की तारीफ होती है, लेकिन अगर कुछ गलत होता है तो बाप को दोष दिया जाता है। उस दिन मुझे पक्का यकीन हो गया कि शिवसेना का बाप भी मैं ही हूं।”

उनके इस विवादित बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और शिवसेना शिंदे गुट ने इसे अपमानजनक करार देते हुए तीखा विरोध शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button