डीजे पर कपड़े उतारकर नाचने से रोका तो हुई मारपीट, एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

रायगढ़ : जिले के खोपोली पुलिस थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक हल्दी समारोह के दौरान डीजे पर कपड़े उतारकर नाच रहे युवकों को रोकना दो भाइयों को भारी पड़ गया। इस विवाद में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
यह घटना बुधवार रात खोपोली के पास बीड गांव की इस्टूल वाडी में हुई। इस मामले में खोपोली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीड गांव की आदिवासी वाड़ी में शादी के मौके पर हल्दी समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बाळू मुकणे और प्रकाश पवार नामक दो युवक शराब के नशे में डीजे की धुन पर नाच रहे थे। उन्होंने नाचते वक्त शर्ट उतार दी थी। इस पर वहां मौजूद विलास वाघमारे ने आपत्ति जताई और उन्हें रोका। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिलाएं और लड़कियां मौजूद हैं, ऐसे में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
विलास की यह बात दोनों युवकों को नागवार गुजरी। बाळू मुकणे और प्रकाश पवार ने मिलकर विलास वाघमारे से मारपीट शुरू कर दी। जब विलास का भाई अनंता वाघमारे बीच-बचाव करने आया तो प्रकाश पवार ने पास में पड़ा भात पकाने वाला बड़ा कलछी उठाकर विलास के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में विलास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनंता वाघमारे गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खोपोली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू मधुकर मुकणे को केळवली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मुख्य आरोपी प्रकाश रमेश पवार अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
