कर्नाटक में इजरायली पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार, 3 दोस्तों को फेंका नहर में, एक का शव बरामद

कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हम्पी में एक हैरान कर देने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार रात सनापुर झील के पास कुछ अज्ञात लोगों ने एक इजरायली महिला पर्यटक और एक होमस्टे संचालिका के साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा, उनके साथ मौजूद तीन पुरुष पर्यटकों के साथ मारपीट कर उन्हें तुंगभद्रा नहर में फेंक दिया। इनमें से एक युवक का शव शनिवार सुबह झील से बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात 11:00 से 11:30 बजे के बीच हुई। आरोपियों ने 27 वर्षीय इजरायली महिला पर्यटक और 29 वर्षीय होमस्टे संचालिका के साथ जघन्य अपराध किया। साथ ही, ओडिशा के एक पर्यटक, जो पीड़ित महिलाओं के साथ था, को नहर में फेंक दिया गया। उसका शव शनिवार सुबह झील से मिला। अमेरिका और महाराष्ट्र के दो अन्य पर्यटक भी इस हमले में घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष जांच टीम गठित की है और आरोपियों की तलाश जारी है। गंगावती रूरल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मृतक के शव मिलने के बाद, अब हत्या की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।
पीड़ितों के अनुसार, चार पर्यटक और होमस्टे संचालिका सनापुर झील के पास समय बिता रहे थे। तभी तीन लोग मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और पेट्रोल पंप के बारे में पूछने लगे। जब होमस्टे संचालिका ने बताया कि पास में कोई पेट्रोल पंप नहीं है, तो वे पैसे मांगने लगे। जब पर्यटकों ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने तीनों पुरुष पर्यटकों को नहर में धकेल दिया।
पीड़िता ने बताया कि जब उसके दोस्त नहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब दो हमलावरों ने उसके और इजरायली महिला के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की मदद से लापता पर्यटक की तलाश की, जिसका शव शनिवार सुबह बरामद हुआ।
यह घटना हम्पी जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तेजी से कार्रवाई शुरू की है। स्थानीय लोग और पर्यटक इस घटना से स्तब्ध हैं और त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं।