अकोला में कानून व्यवस्था पर सवाल! सरेआम चाकू से हमला, युवक की मौत, तीन घायल

अकोला: शहर में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए शनिवार शाम जेतवन नगर में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना CCTV में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मध्यस्थता के दौरान मारा गया युवक
मृतक की पहचान करण दशरथ शितले (19) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, करण अपने घर के सामने हो रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा था, तभी हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पेट में गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में वैभव प्रीषोत्तम शितले (19) और विशाल गणेश वरोटे (29) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सतीश कुलकर्णी और खदान थाने के प्रभारी मनोज केदारे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। अब तक एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि बाकी हमलावर फरार हैं।
पुलिस चौकी के सामने वारदात, कानून व्यवस्था पर सवाल
हत्या की यह घटना जेतवन नगर पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई, जिससे पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले भी खदान क्षेत्र में एक पत्रकार पर जानलेवा हमला हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों में पहले से ही भय का माहौल था।
CCTV फुटेज से हमलावरों की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इस हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य कोणों से भी जांच कर रही है।
आठ दिन में दो हत्याएं, शहर में डर का माहौल
पिछले आठ दिनों में अकोला में यह दूसरी हत्या है। इससे पहले रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही हिंसक वारदातों से शहर में आतंक और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
अकोला में लगातार बढ़ रही अपराध घटनाओं से नागरिकों में डर और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन अपराधियों पर कब तक लगाम लगाता है।