जालना: 13 साल के किशोर ने की महिला की हत्या, पुलिस जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा

जालना जिले में एक खौफनाक हत्या का खुलासा हुआ है, जिसमें एक 13 साल के किशोर को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि किशोर ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
खेत में पड़ा मिला था शव
मृतक महिला की पहचान 41 वर्षीय मीरा उर्फ संध्या बोंडारे के रूप में हुई है। 25 मार्च को पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। शव उनके ही खेत में पड़ा मिला था। यह घटना जालना तहसील के अंतरवाली टेंभी गांव की है।
महिला ने किशोर को डांटा था
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय किशोर को डांटा था क्योंकि वह नहर से पानी उनके खेत तक पहुंचने से रोक रहा था। गुस्से में महिला ने उसका मोबाइल फोन भी फेंक दिया था। इस घटना के बाद किशोर महिला से रंजिश रखने लगा।
गुनाह कबूल, किशोर को किया जाएगा पेश
25 मार्च को दोपहर में महिला अपने खेत में सो रही थी, तभी किशोर ने पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, किशोर ने अपना अपराध कबूल कर लिया है और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।