देशभक्ति की मिसाल रहे “भारत कुमार” ने ली अंतिम सांस, मनोज कुमार का 87 वर्ष की उम्र में निधन

भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, निर्माता और निर्देशक मनोज कुमार का आज 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आज सुबह 3:30 बजे अंतिम सांस ली। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे ‘भारत कुमार’ के नाम से प्रसिद्ध मनोज कुमार के निधन से सिनेमा जगत में शोक की लहर है।
मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार थे और बहादुरी से अपनी बीमारी का सामना कर रहे थे। उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।
मनोज कुमार ने फिल्मों के माध्यम से देशभक्ति और सामाजिक मुद्दों को बेहद सशक्त अंदाज़ में प्रस्तुत किया। उन्होंने 1957 में फिल्म ‘फैशन’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। 1962 की ‘हरीयाली और रास्ता’ से उन्हें पहचान मिली।
1965 में उन्होंने फिल्म ‘शहीद’ का निर्देशन किया, जो भगत सिंह के जीवन पर आधारित थी। इसके बाद 1967 में, तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आग्रह पर उन्होंने ‘उपकार’ बनाई, जिसने उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फिल्मफेयर पुरस्कार दिलाया।
मनोज कुमार का जाना भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है।