नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 60 लाख के नोट जब्त, 7 आरोपी हिरासत में – अहमदनगर पुलिस की औरंगाबाद में बड़ी कार्रवाई

औरंगाबाद/अहमदनगर
अहमदनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए औरंगाबाद में चल रही नकली नोटों की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने ₹500 के कुल 60 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट, 2 करोड़ 16 लाख रुपये के नोट छापने के लिए इस्तेमाल होने वाले कागज और लगभग 88 लाख रुपये का अन्य सामान जब्त किया है। इस मामले में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को नगर तालुका क्षेत्र में सूचना मिली थी कि दो युवक एक पान की दुकान पर रोजाना ₹500 के नकली नोट देकर ₹100 की सिगरेट खरीदते थे और बाकी के ₹400 असली नोटों के रूप में लेकर चले जाते थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रल्हाद गीते के नेतृत्व में टीम ने दो संदिग्ध – निखिल गांगुर्डे और सोमनाथ शिंदे – को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान दोनों के पास से ₹80,000 के नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि औरंगाबाद में नकली नोट छापने की एक फैक्ट्री चलाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वहां छापा मार कार्रवाई की और प्रिंटर, स्कैनर, रंग, पेपर कटर व अन्य जरूरी सामान बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने बताया कि इस कार्रवाई में फैक्ट्री से 60 लाख रुपये के नकली नोट और 2.16 करोड़ के नोट छापने योग्य कागज जब्त किया गया है। साथ ही 88 लाख रुपये का अन्य सामान भी जब्ती में शामिल है। कुल सात आरोपियों को अब तक हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
यह कार्रवाई नकली मुद्रा के बढ़ते खतरे के खिलाफ अहम कदम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के राज्य में और भी लिंक हो सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है।