पुणे: महिला और दो बच्चों की निर्मम हत्या, अधजले शव मिलने से इलाके में सनसनी

पुणे जिले के रांजनगांव क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीनों के अधजले शव एक खुले मैदान में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना रांजनगांव के पास खंडाळे गांव की है, जो पुणे से अहिल्यानगर की ओर जाने वाले हाइवे के पास स्थित है। रविवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे गांव के कुछ लोगों को हाइवे से करीब 200 मीटर दूर एक खुले मैदान में तीन अधजले शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस पाटिल को दी।
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह पता चला है कि मृतकों में एक महिला और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जबकि एक बच्चे की उम्र 3 से 4 साल और दूसरे की 2 से 3 साल के बीच अनुमानित है। तीनों के शव अधजली अवस्था में पाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह साफ नहीं हो पाया है कि पहले हत्या की गई और फिर शव जलाए गए या जिंदा जलाकर हत्या की गई। इस बात का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। लेकिन एक ही समय में तीन लोगों की ऐसी नृशंस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और पुणे जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है।
