बीड में प्रेमिका की साजिश! सुपारी देकर हुआ युवक का अपहरण, लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया

बीड/प्रतिनिधि
बीड जिले में हुए सनसनीखेज अपहरण और मारपीट कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। इस मामले में नया मोड़ सामने आया है कि युवक का अपहरण उसकी पूर्व प्रेमिका ने ही सुपारी देकर करवाया था। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को 14 घंटे के भीतर मुक्त करा लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नागनाथ नन्नवरे का कुछ लोगों ने अपहरण कर उन्हें बुरी तरह पीटा था। घटना का वीडियो भी सामने आया था। इस मामले में नागनाथ की पत्नी दिया नन्नवरे ने शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि दिया का पहला विवाह वर्ष 2011 में संतोष पवार से हुआ था, लेकिन उसके शराब की लत के कारण यह रिश्ता टूट गया। इसके बाद दिया और नागनाथ नन्नवरे के बीच प्रेम संबंध बने और दोनों बीड में आकर रहने लगे। वहीं, नागनाथ के ज्योती काले नामक युवती से भी पुराने रिश्ते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि ज्योती काले ने ही नागनाथ का अपहरण करवाने की सुपारी दी थी।
इस घटना को अंजाम देने वाले 10 से 12 लोगों के गिरोह ने लाठी-डंडों से नागनाथ की बेरहमी से पिटाई की और बाद में उन्हें एक चारपहिया वाहन में बैठाकर अपहरण कर लिया। घटना उजागर होने के बाद दिया नन्नवरे ने बीड ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीण पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक मारुति खेडकर ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की छानबीन जारी है।
