Breaking NewsCrime NewsPune

पुणे में विदेशी युवती के साथ 5 साल तक गैंगरेप, 8 आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज

पुणे: शहर के समर्थननगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खुलासा हुआ है कि एक विदेशी युवती के साथ 15 लोगों ने लगातार 5 वर्षों तक सामूहिक बलात्कार किया। इस मामले में अदालत ने 8 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है।

मामले का मुख्य आरोपी शंतनू सैम्युअल कुकड़े (53) बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने भूटान की युवती को नौकरी का लालच देकर पुणे बुलाया और उसकी असहाय स्थिति का फायदा उठाकर उसे नानापेठ के फ्लैट, रायगढ़ के समुद्र किनारे बने बंगले और पानशेत के एक होटल में ले जाकर दरिंदगी की। यह अमानवीय कृत्य वर्ष 2020 से जनवरी 2025 तक चलता रहा।

पीड़िता ने भूटान से ही ऑनलाइन माध्यम से सीधे अदालत के सामने अपनी आपबीती रखी। सरकारी वकील ने दलील दी कि आरोपी पार्टी आयोजित करते थे, पीड़िता को जबरदस्ती नचाते और उसे नशे की दवा पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी ‘रेड हाउस फाउंडेशन’ नामक अवैध संस्था के जरिए गरीब महिलाओं का शोषण कर रहा था।

सरकारी पक्ष की दलीलों और पीड़िता के बयान को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एस. एम. टाकलीकर ने 8 आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। इन आरोपियों में शंतनू कुकड़े के अलावा ऋषिकेश गंगाधर नवले, जालिंदर बडदे, उमेश शहाणे, प्रतीक पांडुरंग शिंदे, विपिन चंद्रकांत बिडकर, सागर दशरथ रासगे और रौनक भरत जैन शामिल हैं।

इस भयानक खुलासे ने पूरे पुणे शहर में सनसनी फैला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button