Breaking NewsDelhi

दिल्ली में हुमायूं मकबरे के पास दरगाह की छत गिरने से बड़ा हादसा – 5 की मौत, कई घायल

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के बीच राजधानी में एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में स्थित हुमायूं मकबरे के पीछे पत्तेशाह दरगाह के दो कमरे मंगलवार दोपहर अचानक ढह गए। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

हादसा दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, NDRF और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

दमकल विभाग के अनुसार, शाम लगभग 4:30 बजे गुंबद का एक हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की पाँच गाड़ियाँ और राहत-बचाव दल तैनात किए गए। बारिश के कारण पुरानी इमारत की छत कमजोर होने और ढहने की आशंका जताई जा रही है।

डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि मलबे में और कितने लोग फंसे हो सकते हैं। हुमायूं मकबरा 16वीं शताब्दी का ऐतिहासिक स्मारक है, जहाँ रोज़ बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इस हादसे ने स्वतंत्रता दिवस की खुशियों के बीच शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button