मानसिक रूप से विकलांग नाबालिग से बार-बार बलात्कार, शिक्षिका की पहल से हुआ मामला उजागर

चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी तहसील में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सौंदरी गांव में एक मानसिक रूप से विकलांग नाबालिग छात्रा के साथ गांव के ही एक शख्स ने बार-बार दुष्कर्म किया।
आरोपी, नरेश उर्फ़ नरेंद्र ठोंबरे (उम्र 43), मजदूरी का काम करता है। बताया जा रहा है कि वह गांव में बिजली चले जाने या अंधेरा होने पर लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाता था। आरोपी पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर जिले की प्राथमिक स्कूल के शौचालय में ले जाता और उसके साथ दुष्कर्म करता था।
पीड़िता मानसिक रूप से असमर्थ होने के कारण लंबे समय तक यह बात किसी को नहीं बता पाई। लेकिन स्कूल की एक शिक्षिका को यह बात तब पता चली, जब उन्होंने छात्रा के व्यवहार में बदलाव देखा—बिजली जाने या अंधेरा होने पर वह अक्सर घबरा कर बड़बड़ाने लगती थी। शक होने पर शिक्षिका ने छात्रा को विश्वास में लेकर पूछताछ की, तब यह चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।
पहले तो पीड़ित परिवार आरोपी की धमकियों के डर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रहा था। लेकिन शिक्षिका ने साहस दिखाते हुए सीधे ब्रह्मपुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 64(2)(M), 64, (2)(M), 65(1) VN, पोक्सो एक्ट, और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 की धारा 92(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने आरोपी को 17 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश है, वहीं शिक्षिका की साहसी पहल की हर ओर सराहना हो रही है।
