फलटण में भूत-प्रेत का डर दिखाकर नाबालिग छात्रा से बार-बार दुष्कर्म, ढोंगी बाबा गिरफ्तार

सातारा / खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
जिले के फलटण में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ भूत-प्रेत का डर दिखाकर जादू-टोना करने और बार-बार यौन अत्याचार करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस मामले में फलटण शहर पुलिस ने आरोपी सौरभ नाना मदने को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि आरोपी ने छात्रा के शरीर में भूत प्रवेश करने का झांसा देकर उसे ठीक करने के नाम पर गुड़िया, नींबू और चमड़े की गोफन जैसी वस्तुओं का इस्तेमाल करते हुए कथित अघोरी अनुष्ठान किए। इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ जबरन यौन अत्याचार किया। यह अत्याचार एक से अधिक बार किए जाने की बात सामने आई है।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर फलटण शहर पुलिस थाने में पॉक्सो अधिनियम और महाराष्ट्र नरबलि तथा अन्य अमानवीय, अघोरी प्रथाओं एवं जादू-टोना प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। फलटण के उपविभागीय पुलिस अधिकारी धन्यकुमार गोडसे ने बताया कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बीच, शिवप्रतिष्ठान हिंदुस्थान के कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है।
बताया गया है कि पीड़िता के घर के बाहर कथित तौर पर अघोरी क्रिया किए जाने के साथ नींबू और जान से मारने की धमकी वाला पत्र भी रखा गया। इससे पीड़िता का परिवार भयभीत है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
