Breaking NewsHariyana

नूंह में दर्दनाक हादसा: एक्सप्रेसवे पर पिकअप ने रौंदे सफाई कर्मचारी, सात की मौत

हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव इब्राहिमबास के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। सफाई कर्मचारी सड़क किनारे काम कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने 11 कर्मचारियों को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि चंद सेकंड में एक्सप्रेसवे पर शव बिखर गए और चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तीन गंभीर रूप से घायल महिलाओं को दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। मरने वालों में छह महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो खेड़ीकलां और झिमरावट गांव के रहने वाले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। हादसे के बाद पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि लगा जैसे बम फटा हो। शव 50 मीटर के दायरे में बिखरे थे और कई के शरीर के टुकड़े हो गए थे।

घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

गांव खेड़ीकलां में मातम का माहौल है। लोगों ने बताया कि सभी महिलाएं रोजाना एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम करती थीं और ठेकेदार से पांच सौ से छह सौ रुपये दिहाड़ी लेती थीं। हादसे के बाद गांव में किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं होने से हादसों की संख्या बढ़ रही है। कारों के लिए गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा तय है, लेकिन वाहन तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे जानलेवा हादसे हो रहे हैं।

नूंह के एसपी राजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button