भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ की हत्या से सनसनी, घर की दूसरी मंजिल पर खून से सनी लाश मिली

मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के हिंगोरिया बड़ा गांव में भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष श्यामलाल धाकड़ की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। 45 वर्षीय श्यामलाल धाकड़ पुत्र दौलतराम धाकड़ की खून से सनी लाश शुक्रवार सुबह उनके मकान की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में पाई गई।
घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। परिजनों को जब सुबह तक श्यामलाल दिखाई नहीं दिए, तो खोजबीन के दौरान उनकी लाश मकान की ऊपरी मंजिल पर मिली। शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो रहा है कि उनकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन राजनीतिक रंजिश और व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। श्यामलाल धाकड़ भाजपा संगठन में सक्रिय थे और उनकी स्थानीय स्तर पर पहचान एक प्रभावशाली नेता के रूप में थी।
