देशभर में बदला मौसम का मिजाज: उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्वी राज्यों और महाराष्ट्र के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि की चेतावनी

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्व भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है। इन क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मेघालय में ओलावृष्टि दर्ज की गई है। देश के अधिकांश हिस्सों में ठंडी हवाओं के साथ बारिश और बिजली की सक्रियता देखी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल देश में सात चक्रवाती परिसंचरण (सायक्लोनिक सर्क्युलेशन) सक्रिय हैं। ये परिसंचरण दक्षिण पाकिस्तान, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार, बांग्लादेश, असम और अरुणाचल प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में स्थित हैं। इसके अलावा, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो अगले 24 घंटों में और अधिक कमजोर हो सकता है।
महाराष्ट्र में भी मौसम अलर्ट
महाराष्ट्र के अमरावती, भंडारा, चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और यवतमाल जिलों में ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है। अगले तीन से चार दिनों तक तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ वर्षा की संभावना है। लातूर और धाराशिव जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
किसानों की चिंता बढ़ी
अचानक बदले इस मौसम के कारण रबी की फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। वहीं, बिजली गिरने की घटनाओं से विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। ऐसे में किसानों, वाहन चालकों और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देश के अन्य हिस्सों का हाल
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में आज और कल तेज़ हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर भारत में भी अगले चार से पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।
गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में बीते दिन सर्वाधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और मध्य महाराष्ट्र में तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रहा। हालांकि, अगले तीन दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
इन राज्यों में भी अलर्ट जारी
आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और धूलभरी आंधी की चेतावनी दी गई है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। केरल और तमिलनाडु में भी भारी वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 अप्रैल से पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव की एक नई लहर शुरू हो सकती है, जिसका असर 16 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
