Breaking NewsMaharashtraPune

महाराष्ट्र में प्री-मानसून की एंट्री, 27 जिलों में येलो अलर्ट जारी, तेज बारिश और आंधी का कहर

पुणे: महाराष्ट्र में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दे दी है। राज्य के विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और कोकण समेत कई हिस्सों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। राज्य के 27 जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।

खासकर कोकण के तटीय इलाकों में तेज बारिश की संभावना है, वहीं विदर्भ के कुछ भागों में हीटवेव का असर बना रह सकता है। पुणे और मुंबई जैसे शहरी इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मुंबई में 16 मई को तापमान 29 से 34 डिग्री सेल्सियस और पुणे में 28 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, हवाएं 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों – जैसे पुणे, सातारा, अहमदनगर, औरंगाबाद, उस्मानाबाद, बीड और लातूर – में तेज बारिश के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।

हवामान विभाग ने किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कोकण के समुद्री इलाकों में समुद्र खतरनाक बना हुआ है, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है। वहीं, बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले में काम करने वाले मजदूरों और नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर आश्रय लेने की अपील की गई है।

हालांकि, इस बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन शहरी क्षेत्रों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। स्थानीय प्रशासन ने मॉनसून पूर्व की परिस्थितियों से निपटने की तैयारी कर ली है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर ध्यान दें और सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button