Breaking NewsCrime NewsUttar Pradesh

बलिया में मेरठ जैसी दिल दहलाने वाली वारदात: पत्नी और प्रेमी ने रिटायर्ड फौजी की हत्या कर शव के किए टुकड़े, बेटी ने किया खुलासा

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के खरीद दियारा में एक रिटायर्ड फौजी देवेंद्र कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या को देवेंद्र की पत्नी और उसके प्रेमी ट्रक ड्राइवर अनिल यादव ने अंजाम दिया।

दो दिन पहले खेत में कटे हुए मानव अंग मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस को बाद में एक कुएं से भी शव के अन्य हिस्से बरामद हुए। मृतक की पहचान रिटायर्ड फौजी देवेंद्र कुमार के रूप में हुई।

हत्या की गुत्थी तब सुलझी जब मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का अनिल यादव से लंबे समय से प्रेम संबंध था और उसी के चलते दोनों ने मिलकर देवेंद्र की हत्या की। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें पहचान छिपाने के इरादे से अलग-अलग स्थानों पर फेंका गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अनिल यादव और उसके साथी सतीश यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वाहन चेकिंग के दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में अनिल यादव के पैर में गोली लगी और सतीश को भी हिरासत में ले लिया गया। मृतक की पत्नी के खिलाफ भी हत्या की साजिश और सहभागिता का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि यह हत्या पारिवारिक तनाव और अवैध संबंधों के कारण हुई। इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश है और लोग कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button