Breaking NewsHariyanaUtrakhand

पंचकूला में दिल दहला देने वाली घटना: कर्ज से परेशान उत्तराखंड के परिवार के सात लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला शहर में सोमवार रात एक दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसमें कर्ज के बोझ तले दबे उत्तराखंड के एक ही परिवार के सात सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में दो दंपती, तीन मासूम बच्चे और परिवार के बुजुर्ग शामिल हैं। सभी के शव एक कार से बरामद हुए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना पंचकूला के सेक्टर-27 की है, जहां मकान नंबर 1204 के बाहर खड़ी एक कार में यह पूरी घटना घटित हुई। पुलिस को रात करीब 11 बजे डायल 112 पर सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छह लोगों को सेक्टर-26 के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति, जो घर से बाहर तड़पते हुए निकला, उसे सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी।

मृतकों की पहचान प्रवीन मित्तल, उनके पिता देशराज मित्तल और परिवार के अन्य सदस्यों के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रवीन मित्तल ने कुछ समय पहले देहरादून में टूर एंड ट्रैवल का व्यवसाय शुरू किया था, जो चल नहीं पाया और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसके चलते पूरा परिवार भारी कर्ज के बोझ में दब गया था।

सूचना मिलते ही डीसीपी हिमाद्रि कौशिक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सामूहिक आत्महत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, और लोग इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button